कर्मचारी हलचल

Hadtal हड़ताल: छत्तीसगढ़ में तहसील से मंत्रालय तक तीन दिन ठप रहेगा सरकारी कामकाज, आज से हड़ताल पर शासकीय सेवक

Hadtal रायपुर। छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन के आव्हान पर राज्य के लाखों कर्मचारी, अधिकारी व पेंशनर 29 से 31 दिसंबर तक तीन दिवसीय हड़ताल पर रहेंगे। फेडरेशन ने अपनी मांगों को लेकर आंदोलन को सफल बनाने के लिए रणनीति बनाई है।

कर्मचारियों की हड़ताल के चलते नवा रायपुर अटल नगर स्थित मंत्रालय व इंद्रावती भवन समेत जिला व ब्लॉक स्तरीय कार्यालयों में शासकीय कामकाज प्रभावित होने की आशंका है।

छत्तीसगढ़ अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्माऔर तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के प्रांताध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने बताया कि फेडरेशन द्वारा 11 सूत्रीय मांगों को लेकर किए जा रहे चरणबद्ध आंदोलन का यह तीसरा चरण है।

इसके पहले 16 जुलाई व 22 अगस्त एक दिन का टोकन स्ट्राइक किया गया था। मांगों को लेकर पूरे प्रदेश के आक्रोशित कर्मचारियों ने फेडरेशन के आव्हान पर तीन दिवसीय ‘कलम बंद-काम बंद’ आंदोलन का एलान किया है।

फेडरेशन के पदाधिकारियों ने बताया कि इस चरणबद्ध आंदोलन के तहत सभी 33 जिलों के कर्मचारी सहित नवा रायपुर अटल नगर, संचालनालय, आदिमजाति, आयुष, स्वास्थ्य नगरीय प्रशासन, माइनिंग व सभी कलेक्टर कार्यालयों तथा लोक निर्माण, श्रम, पीएचई, जल संसाधन, स्कूल, पंचायत, कृषि से लेकर विभिन्न संवर्गों के कर्मचारी हड़ताल में शामिल होंगे।

तिवारी ने आगे कहा कि फेडरेशन का यह आंदोलन 11 सूत्रीय प्रमुख मांगों को लेकर किया जा रहा है। इसमें सभी जिलों में ब्लाक व तहसील के कर्मचारी जिला मुख्यालय में एकत्रित होकर धरना-प्रदर्शन के साथ हड़ताल मे शामिल होंगे। सभी जिलों में फेडरेशन का मांगपत्र जिला कलेक्टरों के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।

यह है मांगें

राज्य कर्मचारियों व पेंशनरों को केंद्र के समान देय तिथि से महंगाई भत्ता व महंगाई राहत का भुगतान किया जाए। वर्ष 2019 से लंबित एरियर्स की राशि पीएफ खाते में समायोजित की जाए।

लिपिकों, शिक्षकों, स्वास्थ्य विभाग, महिला बाल विकास विभाग सहित विभिन्न संवर्गों की वेतन विसंगतियों को दूर करने के लिए बनी पिंगुआ कमेटी की रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए।

चार स्तरीय पदोन्नत समयमान वेतनमान दिया जाए। अनुकंपा नियुक्ति निःशर्त लागू करने के लिए स्थायी आदेश जारी किया जाए। सभी कर्मचारियों की सेवानिवृत्त आयु 65 वर्ष हो।

पेंशनर्स भी आंदोलन में होंगे शामिल

छत्तीसगढ़ पेंशनर्स एसोसिएशन ने भी कर्मचारी फेडरेशन के आव्हान पर प्रस्तावित तीन दिवसीय आंदोलन में भाग लेने का निर्णय लिया है। एसोसिएशन के प्रदेश संयोजक पीआर यादव व रायपुर जिला संरक्षक विजय कुमार झा ने बताया है कि सोमवार को दोपहर फेडरेशन के धरना स्थल पर पेंशनर्स शामिल होंगे। इस संबंध में रविवार को एसोसिएशन की बैठक हुई।

बैठक में महामंत्री उमेश मुदलियार, पंकज नायक, बीपी कुरील, राजेंद्र उमाठे, सीएल दुबे, कविता राय, विमलचंद्र कुंडू, यशवंत भोसले, राकेश त्रिवेदी, बेनी राम गायकवाड, वायआर सोनी व सेवंती नायडू मौजूद थे।

Back to top button