
Mahatari Vandan Yojana रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार की महतारी वंदन योजना को लेकर बड़ा अपडेट आ रहा है। 21 महीने से योजना का लाभ ले रही महिलाओं को अब योजना का लाभ लेने के लिए थोड़ी मशक्कत करनीं पड़ेगी।
कराना पड़ेगा सत्यापन
महतारी वंदन योजना का लाभ ले रही महिलाओं को अब प्रत्येक महिला का सत्यापन किया जा रहा है। अगर समय पर सत्यापन नहीं कराया तो योजना का लाभ मिलना बंद हो जाएगा।
इसलिए कराया जा रहा है सत्यापन
दरअसल, विधानसभा में लगातार यह मामला उठता रहा है कि इस योजना में अपात्र महिलाओं को भी शामिल किया गया है। इसके अलावा हर माह करीब 606 करोड़ की बड़ी रकम जारी होने की वजह से वित्त विभाग भी सख्त हो गया है।
वित्त विभाग ने कहा जांच जरूरी
बताया जा रहा है कि वित्त विभाग ने महिला एवं बाल विकास विभाग के अफसरों से कहा कि योजना को शुरू हुए 21 माह हो गए हैं। ऐसे में अब सभी आवेदकों की जांच जरूरी है। महिलाओं का सत्यापन ई-केवाईसी e KYC से कराया जाए। इससे जो अपात्र हैं या फिर जो मृत हैं, उनके नाम काटे जा सकें। सत्यापन के पहले चरण में विभाग ने 4.25 लाख महिलाओं की ई-केवाईसी करा रहा है।
जमा करना होगा आधार कार्ड
सत्यापन के लिए योजना का लाभ ले रहीं महिलाओं को अपना आधार कार्ड जमा कराने के साथ बायोमैट्रिक निशान भी देना होगा। जो महिलाएं केवाईसी नहीं कराएंगी उन्हें इस योजना का फायदा मिलना बंद हो जाएगा
तीन जगहों पर सुविधा, ऐसे होगी e KYC
महिला एवं बाल विकास विभाग के अफसरों ने बताया कि ई-केवाईसी के लिए महिलाएं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से संपर्क कर सकती हैं।
ई-केवाइसी गांवों में अटल डिजिटल सुविधा केंद्र से चयनित ग्राम पंचायत भवन और शहरी इलाकों में वार्ड कार्यालय में ही होगा।
ई-केवाईसी का कार्य केवल सीएससी, बीएलई ही करेंगे। इनके अधीन काम करने वाले कंप्यूटर ऑपरेटर इस काम को नहीं करेंगे।
ई-केवाइसी का काम पूरी तरह से निशुल्क है। इस काम के लिए महिलाओं से किसी भी तरह का कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
ई-केवाइसी शिविर में उपस्थित हितग्राहियों का रजिस्टर तैयार किया जाएगा। इसमें उपस्थित हितग्राहियों को साइन करना पड़ेगा।




